🪄 पुस्तक समीक्षा 🪄
🪄 पुस्तक समीक्षा 🪄 पुस्तक:- सनातन शंखनाद : एक अद्भुत समय - यात्रा लेखक:- डॉ पंकज सूदन जब शंखनाद केवल ध्वनि नहीं, चेतना का जागरण बन जाए… सनातन शंखनाद: एक अद्भुत समय-यात्रा लेखक डॉ. पंकज सूदन का ऐसा उपन्यास है, जो कथा और दर्शन के मध्य एक सशक्त सेतु का कार्य करता है। यह मात्र एक काल्पनिक समय-यात्रा नहीं, अपितु आत्मा की अनादि यात्रा का साहित्यिक रूपांतरण है। लेखक ने जिस सहजता से गूढ़ आध्यात्मिक तत्त्वों को जनभाषा में अभिव्यक्त किया है, वही इस कृति की सबसे बड़ी विशेषता है। उपन्यास का नायक प्रशांत आज से लगभग पच्चीस हजार वर्ष पूर्व के कालखंड में स्थित है—एक ऐसा समय जब ब्रह्मांड के उच्च आयामों से अवतरित शक्तियाँ पृथ्वी पर जीवन के पुनर्संयोजन में संलग्न थीं। “परमेष्ठी” के रूप में परम सत्ता की अभिव्यक्ति कथा को आध्यात्मिक ऊँचाई प्रदान करती है। प्रशांत की चेतना का क्रमिक विकास केवल व्यक्तिगत साधना नहीं, बल्कि समष्टिगत जागरण का प्रतीक बन जाता है। लेखक ने अद्वैत वेदांत और सनातन धर्म के मर्म को प्रत्यक्ष उपदेश के रूप में नहीं, बल्कि प्रसंगों, संवादों और घटनाओं के माध्यम से अत्यंत ...